|

अमर शहीद रामफल मंडल जी के शहादत दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि।

अमर शहीद रामफल मंडलयह हम सभी के लिए अत्यंत गर्व और संतोष का विषय है कि जिन अमर शहीद रामफल मंडल जी के नाम और उनके अद्वितीय बलिदान से आज से लगभग १० वर्ष पहले तक बहुत कम लोग परिचित थे, आज उनके शहादत दिवस को व्यापक स्तर पर स्मरण किया जा रहा है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और कई राजनीतिक दलों द्वारा आधिकारिक रूप से उनके शहादत दिवस का आयोजन और स्मरण किया जाना इस बात का प्रमाण है कि अब उनका संघर्ष यह परिवर्तन केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की उपलब्धि नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है जिन्होंने इतिहास के इस महान वीर सपूत की कहानी को समाज के सामने लाने का संकल्प लिया।

बाजपट्टी में सरकारी अस्पताल का नाम अमर शहीद रामफल मंडल जी के नाम पर होना तथा सीतामढ़ी में उनके नाम पर चौक का नामकरण और वहाँ उनकी प्रतिमा की स्थापना होना इस बात का महत्वपूर्ण संकेत है कि उनके योगदान और बलिदान को सरकारी स्तर पर भी सम्मान और पहचान प्राप्त हो रही है। इसी क्रम में सीतामढ़ी जिले में उनके शहादत दिवस के अवसर पर एक दिन का जिला-स्तरीय सरकारी अवकाश घोषित किया जाना भी अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि है।

इसके लिए हम विशेष रूप से लेखक सह शिक्षक श्री बिनोद बिहारी मंडल जी के प्रति अपना हार्दिक धन्यवाद और साधुवाद व्यक्त करते हैं। अमर शहीद रामफल मंडल जी के जीवन, संघर्ष और शहादत को जनमानस तक पहुँचाने तथा उन्हें उचित ऐतिहासिक पहचान दिलाने की दिशा में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।

आज आवश्यकता है कि अमर शहीद रामफल मंडल जी की शहादत की कहानी केवल किसी एक क्षेत्र या समुदाय तक सीमित न रहे। यह कहानी बिहार के हर व्यक्ति तक पहुँचे, नई पीढ़ी तक पहुँचे और राष्ट्रप्रेम, साहस तथा बलिदान की प्रेरणा बने। उनकी शहादत को नमन करना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा-स्रोत बनना चाहिए। यही हमारी हार्दिक कामना है।

इस अवसर पर हम उन सभी सामाजिक संगठनों, संस्थाओं, राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, शिक्षकों, युवाओं और नागरिकों का हृदय से साधुवाद और धन्यवाद व्यक्त करते हैं जिन्होंने अमर शहीद रामफल मंडल जी के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभाओं, स्मरण कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों के माध्यम से उन्हें नमन किया।

अगस्त क्रांति के सभी वीरों को नमन
अगस्त का महीना भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में क्रांति, संघर्ष और बलिदान का महीना है। इस पावन अवसर पर हम सभी शहीदों को एक बार फिर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

साथ ही, हम अपने समाज के उन सभी ज्ञात और अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को भी सादर नमन करते हैं जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपना योगदान दिया। विशेष रूप से अगस्त क्रांति में सम्मिलित बिहार के अपने जाति के सभी वीरों को एक बार पुनः नमन। असर्फी मंडल, बाबू मंडल, बाबूलाल मंडल, बच्चा मंडल, बद्री मंडल, बल्ला मंडल, बसंत मंडल, बसंत धानुक, भाटो मंडल, भोला मंडल, भुजंगी मंडल, बिरंचि मंडल, छोटे लाल मंडल, दाहू मंडल, धना मंडल, फौदी मंडल, गैवी मंडल, कला नन्द मंडल, कालेश्वर मंडल, कलिआण मंडल, कंचन मंडल, कुकरू मंडल, खुसरू मंडल, खूबलाल मंडल, लालजी मंडल, ललित मंडल, लक्ष्मी मंडल, लुरो मंडल, मिश्री मंडल, मथुरा मंडल, मोती मंडल,मुंशी मंडल, नारायण मंडल, नाटू मंडल, रघुनन्दन मंडल, रामौतार मंडल, रामेश्वर मंडल, रामफल मंडल और शेखु धानुक—सभी वीरों को शत-शत नमन।

इन सभी वीरों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करना हमारा कर्तव्य है। हमारा इतिहास केवल अतीत की कहानी नहीं है, बल्कि वर्तमान की चेतना और भविष्य की प्रेरणा है। हमें अपने उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को खोजकर, संकलित कर और नई पीढ़ी तक पहुँचाना होगा, जिनके बलिदान को इतिहास के पन्नों में वह स्थान नहीं मिल सका, जिसके वे अधिकारी थे।

आज अमर शहीद रामफल मंडल जी की बढ़ती पहचान हमें यही विश्वास दिलाती है कि यदि हम अपने इतिहास को ईमानदारी, निरंतरता और सामूहिक प्रयासों के साथ सामने लाएँ, तो हमारे अनेक गुमनाम और उपेक्षित वीरों को भी एक दिन उनका उचित सम्मान अवश्य मिलेगा।

अमर शहीद रामफल मंडल जी को मिल रही यह बढ़ती सामाजिक और सरकारी पहचान धानुक जाति के लिए अत्यंत सम्मान, गौरव और आत्मसम्मान का विषय है, क्योंकि उनके बलिदान के माध्यम से धानुक जाति के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को भी नई पीढ़ी और पूरे समाज के सामने उचित स्थान मिल रहा है।

आइए, इस अवसर पर हम सभी संकल्प लें कि—
हम अपने शहीदों को केवल स्मरण नहीं करेंगे, बल्कि उनके इतिहास को जीवित रखेंगे।
हम उनके बलिदान को केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनाएँगे।
हम अपने इतिहास, अपनी पहचान और अपने वीरों के गौरव को जन-जन तक पहुँचाएँगे।

अमर शहीद रामफल मंडल जी अमर रहें!
अगस्त क्रांति के सभी वीरों को शत-शत नमन!
भारत माता के सभी अमर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि!

 

Spread the love

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *